National

मुख्यमंत्री, राज्यपाल से लेकर अब तक केंद्र और राज्यों के कई मंत्री हुए कोविड-19 पॉजिटिव

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा आठ मंत्री अब तक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से एक की मौत हो चुकी है। ताजा मामला कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक का है।

नई दिल्ली : देश में कोरोना वायरस की जद में राजनीति के कई बड़े चेहरे आ चुके हैं। गृहमंत्री अमित शाह से लेकर दो राज्यों के मुख्यमंत्री, एक राज्यपाल सहित कई राज्यों के मंत्रियों की अब तक कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उत्तर प्रदेश में तो कोरोना वायरस से एक कैबिनेट मंत्री कमल रानी की बीते दो अगस्त को मौत भी हो चुकी है। अब तक राज्य के आधे दर्जन से अधिक मंत्री कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। केंद्र सरकार की बात करें तो गृहमंत्री अमित शाह बीते दो अगस्त को कोविड 19 रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए। वहीं बाद में संदेह होने पर जब केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने भी जांच कराई तो वह भी पॉजिटिव निकले। धर्मेद्र प्रधान भी अस्पताल में भर्ती हैं। इस प्रकार केंद्र सरकार के दो कैबिनेट मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं।

अन्य हाई प्रोफाइल चेहरों की बात करें तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना संक्रमित होने के 12 दिन बाद बुधवार को ठीक हुए हैं। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल ने बुधवार को उन्हें छुट्टी दी। जिस दिन(रविवार) गृहमंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटव हुए थे उसी दिन कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने भी खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी दी थी। येदियुरप्पा अस्पताल में भर्ती चल रहे हैं। जबकि राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित डॉक्टरों की सलाह पर होम आइसोलेशन में हैं।

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा आठ मंत्री अब तक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से एक की मौत हो चुकी है। ताजा मामला कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक का है। इससे पहले योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह, उपेंद्र तिवारी, राजेंद्र प्रताप सिंह, जय प्रताप सिंह, धर्म सिंह सैनी और चेतन चौहान भी कोरोना संक्रमित हुए थे।

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बाद जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, उनकी पत्नी और एक बेटा भी संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *