Politics

नववर्ष ग्रीटिंग के साथ लोगों को संविधान की प्रस्तावना भेज रहीं प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की जनता के बीच किसी न किसी माध्यम से जुड़ी रहना चाहती हैं और इसके लिए उन्होंने एक नायाब तरीका निकाला है। वह नए साल की शुभकामनाओं वाले ग्रीटिंग कार्ड के साथ संविधान की प्रस्तावना भेज रही हैं। इस तरह वह लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनसे मेल-जोल भी बढ़ा रही हैं। इस ग्रीटिंग कार्ड की खासियत यह है कि इसमें एक तरफ भारतीय संविधान की प्रस्तावना छपी है, जबकि दूसरी ओर नए साल का बधाई संदेश छापा गया है। नीचे की ओर प्रियंका गांधी के हस्ताक्षर भी अंकित हैं। ये ग्रीटिंग कार्ड सभी को डाक के माध्यम से भेजे जा रहे हैं।

प्रियंका के ग्रीटिंग कार्ड हजारों लोगों को भेजा जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रयास है कि प्रियंका का संदेश बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, लेखकों, कवियों, चित्रकारों, रंगकर्मियों और पार्टी के पदाधिकारियों तक पहुंचे।

कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने आईएएनएस से कहा, “केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार में भारतीय संविधान पर सबसे ज्यादा हमले हो रहे हैं। हमारे धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक संविधान को छिन्न-भिन्न किया जा रहा है। ऐसे में लोगों को संविधान को बचाने के लिए जागरूक करने की सबसे ज्यादा जरूरत महसूस की जा रही है।”

उन्होंने कहा, “पूरे प्रदेश में हजारों की संख्या में बुद्धिजीवियों, संस्थानों, छात्रों आदि को संविधान मजबूत करने के लिए यह ग्रीटिंग भेजा जा रहा है। प्रियंका गांधी संविधान को बचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। चिट्ठी के जरिये वे प्रदेश के लाखों लोगों को नए साल की मुबारकबाद देने के साथ ही उन्हें संविधान के प्रति सजग कर रही हैं।”

प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि ये बधाई संदेश कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी भेजे जा रहे हैं, जिसमें जिला से लेकर प्रदेश इकाई तक के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हैं।

प्रियंका नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान विभिन्न मंचों से संविधान की प्रस्तावना का जिक्र कई बार कर चुकी हैं। पार्टी के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर भी उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया था। अब वह कार्ड के माध्यम से इसे लोगों के बीच पहुंचा रही हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *