Entertainment

सुशांत की मौत से सदमे में बॉलीवुड, जताया शोक

फिल्मों में आने से पहले सुशांत ने टीवी सीरियल में भी काम किया था। उन्होंने काफी लोकप्रिय रहे 'पवित्र रिश्ता' सीरियल में काम किया था।

मुंबई : बॉलीवुड हस्तियां अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की अचानक मौत से सदमे में हैं। सुशांत ने रविवार को मुंबई में अपने बांद्रा स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने ट्वीट कर उनकी मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, ईमानदारी से कहूं तो इस खबर ने मुझे स्तब्ध और नि:शब्द कर दिया है। मुझे याद है कि मैंने सुशांत सिंह राजपूत की छिछोरे देखी थी और अपने दोस्त साजिद, जो इसके प्रोड्यूसर थे, उन्हें बताया था कि मैंने फिल्म को काफी एन्जॉय (आनंद) किया और काश मैं भी इसका हिस्सा होता। वह बहुत ही प्रतिभाशाली अभिनेता थे.. ईश्वर उनके परिवार को हिम्मत दे।

अभिनेता शाहिद कपूर ने लिखा, अभी सुशांत के बारे में चौंकाने वाली खबर सुनी। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। ईश्वर उन्हें शक्ति दे। मुझे अब भी इसे आत्मसात करना मुश्किल लग रहा है।

अभिनेता अभिषेक बच्चन ने ट्वीट किया, यह बहुत ही चौंकाने वाला है। एक अद्भुत प्रतिभा। आपकी आत्मा को शांति मिले सुशांत।

सुशांत की मौत से अभिनेता रितेश देशमुख को भी काफी गहरा दुख पहुंचा। रितेश ने अपनी व्यथा व्यक्त करते हुए लिखा, हैशटैग सुशांत सिंह राजपूत नहीं रहे।

नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने लिखा कि वह इस खबर पर विश्वास ही नहीं कर पा रहे हैं। नवाजुद्दीन ने पोस्ट किया, मैं इस पर विश्वास नहीं कर सकता .. यह चौंकाने वाला है .. एक खूबसूरत अभिनेता और एक अच्छा दोस्त .. यह निराशाजनक है। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले मेरे दोस्त।

फिल्मकार अनुराग कश्यप भी सुशांत की आत्महत्या की खबर पर विश्वास नहीं कर पाए। उन्होंने लिखा, ओह ये क्या . यह सच नहीं है।

स्वरा भास्कर ने ट्वीट किया, नहीं नहीं नहीं !!!!! भयानक दिल दहला देने वाली खबर हैशटैग सुशांत सिंह राजपूत के गुजरने की! यह चौंका देने वाली है और दुख शब्दों से परे है!

राजपूत मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उन्होंने मुंबई शिफ्ट होने से पहले पटना और नई दिल्ली में पढ़ाई की थी।

राजपूत को नीरज पांडे की 2016 में रिलीज हुई ‘एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ में अपनी मुख्य भूमिका के लिए विशेष रूप जाना जाता है, जो कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक है।

उन्होंने अभिषेक कपूर की 2013 में रिलीज हुई ‘काई पो चे’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी’, ‘राब्ता’, ‘केदारनाथ’ और ‘शुद्ध देसी रोमांस’ जैसी फिल्मों में नजर आए।

फिल्मों में आने से पहले सुशांत ने टीवी सीरियल में भी काम किया था। उन्होंने काफी लोकप्रिय रहे ‘पवित्र रिश्ता’ सीरियल में काम किया था।

सुशांत के घर के बाहर भीड़ जमा हो गई है। फैन्स सुशांत की आत्महत्या की खबर सुनकर उनके घर के बाहर जमा हो गए हैं।

संयोग से सुशांत की प्रबंधक (मैनेजर) ने भी कुछ दिनों पहले ही आत्महत्या कर ली थी।

बांद्रा पुलिस की एक टीम जांच कर रही है। पड़ताल के बाद ही घटनाक्रम के बारे में आगे की जानकारी मिल पाएगी।

सुशांत की मौत से सिर्फ बॉलीवुड जगत ही सदमे में नहीं है, बल्कि खेल जगत और राजनीतिक हस्तियां भी उनकी आत्महत्या पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर रही हैं। इसके साथ ही उनके प्रशंसकों को भी उनकी मौत से दुख पहुंचा है। वे सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button